भारत-मलेशिया रिश्तों को नई उड़ान: डिफेंस से सेमीकंडक्टर तक बढ़ा सहयोग

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
भारत और मलेशिया के रिश्तों में रविवार को एक नया अध्याय जुड़ गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की मौजूदगी में 6 महत्वपूर्ण समझौतों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इन समझौतों के जरिए दोनों देशों ने सांस्कृतिक, आर्थिक, तकनीकी और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई।
समझौतों के बाद दोनों नेताओं ने जॉइंट स्टेटमेंट जारी किया, जिसमें डिफेंस कोऑपरेशन, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सुरक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने की बात कही गई।
“हम मैरीटाइम नेबर्स हैं” – PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मलेशिया भारत का करीबी मित्र और समुद्री पड़ोसी है। उन्होंने बताया कि यह उनकी 2026 की पहली विदेश यात्रा है और मलेशिया में भारतीय मूल की आबादी दुनिया में दूसरी सबसे बड़ी है। PM मोदी ने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक भी हैं।
सुरक्षा और डिफेंस में सहयोग होगा और मजबूत
PM मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत और मलेशिया आतंकवाद विरोधी सहयोग, इंटेलिजेंस शेयरिंग और मैरिटाइम सिक्योरिटी में मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि रक्षा सहयोग को और व्यापक बनाया जाएगा, जिससे दोनों देशों की सुरक्षा और रणनीतिक क्षमता मजबूत होगी।
AI, सेमीकंडक्टर और डिजिटल टेक्नोलॉजी में साझेदारी
दोनों देशों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर, हेल्थकेयर और फूड सिक्योरिटी में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। CEO फोरम के जरिए ट्रेड और इनवेस्टमेंट के नए अवसर खुलेंगे, जिससे आर्थिक विकास को रफ्तार मिलेगी।
मलेशिया में 30 लाख भारतीय, सोशल सिक्योरिटी से मिलेगा फायदा
PM मोदी ने कहा कि मलेशिया में रहने वाले 30 लाख भारतीय प्रवासी दोनों देशों के रिश्तों की मजबूत कड़ी हैं। सोशल सिक्योरिटी एग्रीमेंट, ई-वीजा सुविधा और UPI के मलेशिया में लागू होने से भारतीय कामगारों को पेंशन, बीमा और डिजिटल भुगतान जैसे बड़े फायदे मिलेंगे।
तमिल भाषा और संस्कृति ने रिश्तों को और गहराया
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और मलेशिया को तमिल भाषा के प्रति साझा प्रेम जोड़ता है। ऑडियो-विजुअल को-प्रोडक्शन एग्रीमेंट से खासकर तमिल फिल्मों, म्यूजिक और कल्चरल एक्सचेंज को बढ़ावा मिलेगा।
भारत की इकोनॉमी की PM अनवर इब्राहिम ने की तारीफ
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि 18.59 बिलियन डॉलर के मौजूदा व्यापार से आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने लोकल करंसी में ट्रेड, शिक्षा सहयोग और छात्र आदान-प्रदान को भविष्य की मजबूत नींव बताया।
जानिए 6 बड़े समझौते
ऑडियो-विजुअल को-प्रोडक्शन एग्रीमेंट,
डिजास्टर मैनेजमेंट कोऑपरेशन एग्रीमेंट,
एंटी करप्शन कोऑपरेशन एग्रीमेंट,
UN पीसकीपिंग कोऑपरेशन एग्रीमेंट,
सेमीकंडक्टर कोऑपरेशन एग्रीमेंट,
सोशल सिक्योरिटी और लेबर कोऑपरेशन एग्रीमेंट,
नई पहलें भी शुरू
मलेशिया में भारतीय महावाणिज्य दूतावास की स्थापना,
यूनिवर्सिटी मलाया में तिरुवल्लुवर सेंटर,
मलेशियाई छात्रों के लिए तिरुवल्लुवर स्कॉलरशिप,
भारत-मलेशिया के बीच क्रॉस-बॉर्डर डिजिटल पेमेंट समझौता,
आयुर्वेद और साइबर शिक्षा में सहयोग |








