बरही पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2.258 किलो गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
बरही पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.258 किलो गांजा के साथ 70 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
कटनी। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 किलो 258 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में 70 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और विजयराघवगढ़ एसडीओपी वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में बरही थाना पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था।
इसी दौरान 16 अगस्त 2026 को पुलिस टीम देहात भ्रमण पर थी। ग्राम पिपरिया कला में मुख्य मार्ग से लगे गिरधारी कुर्मी के घर के सामने पुलिस पहुंची। बताया गया कि वहां एक व्यक्ति घर के बाहर परछी में गुलाबी रंग का प्लास्टिक का थैला लेकर खड़ा था। पुलिस को देखते ही वह थैला लेकर घर के अंदर जाने का प्रयास करने लगा। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे थैले सहित रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गिरधारी लाल पटेल पिता भीमसेन कुर्मी, उम्र 70 वर्ष, निवासी पिपरिया कला, थाना बरही, जिला कटनी बताया। स्वतंत्र गवाहों और पुलिस स्टाफ की मौजूदगी में थैले की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान थैले से 2 किलो 258 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर उसकी अनुमानित कीमत करीब 22 हजार रुपये बताई है। मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना बरही में पहले से भी कई मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट से संबंधित प्रकरण भी शामिल हैं। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और मादक पदार्थ से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार चौबे, उप निरीक्षक विनोद कांत सिंह, उप निरीक्षक अश्वनी यादव, प्रधान आरक्षक 449 नरेंद्र पटेल तथा प्रधान आरक्षक 317 रवि मोहन जाटव प्रजापति की विशेष भूमिका रही।

