Cyber Fraud, Crypto Trading, Hawala Network: 100 करोड़ की साइबर ठगी का नेटवर्क चलाने वाला सरगना गिरफ्तार

100 करोड़ की साइबर ठगी का नेटवर्क चलाने वाला सरगना गिरफ्तार
प्रतिक्रियाएँ

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं

पहले आप अपनी बात रखें

Comments • Reactions • Feedback

सीकर। क्रिप्टो ट्रेडिंग और हवाला के जरिए साइबर ठगी व सट्टे की रकम विदेश भेजने वाले नेटवर्क का मुख्य सरगना विकास ढाका गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसे जयपुर के वैशाली नगर से पकड़ा। वह सीकर जिले के बासनी गांव का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दो साल में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का ट्रांजेक्शन कर चुका है।


गरीबों के दस्तावेजों से खुलवाता था खाते
आरोप है कि विकास गरीब लोगों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बैंक खाते खुलवाता था। इसके बाद उनके QR कोड साइबर ठगों और सट्टेबाजों को किराए पर देता था।

इन खातों में रकम आने के बाद वह USDT सहित दूसरी क्रिप्टो करेंसी खरीदकर दुबई के नेटवर्क तक पहुंचाता था। वहां डिजिटल करेंसी को बेचकर ठगी की रकम को सफेद पैसे में बदला जाता था।


 हर महीने भेजता था 2 करोड़ रुपये
पुलिस के अनुसार, आरोपी हर महीने करीब 2 करोड़ रुपये हवाला के जरिए विदेश भेजता था। इस पर उसे 1 प्रतिशत कमीशन मिलता था, यानी करीब 2 लाख रुपये महीने की कमाई होती थी।


दुबई से लौटकर बनाया अवैध नेटवर्क
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि विकास 2018 से 2022 तक दुबई में कंस्ट्रक्शन का काम करता था। इस दौरान उसके संपर्क हवाला और साइबर ठगी से जुड़े सिंडिकेट से हुए।

भारत लौटने के बाद वह पिछले दो साल से सीकर के अलग-अलग इलाकों से यह नेटवर्क चला रहा था। नेटवर्क बढ़ने पर करीब 20 दिन पहले उसने जयपुर की नेमी सागर कॉलोनी में फ्लैट किराए पर लिया था।


9 मोबाइल और क्रिप्टो वॉलेट मिले
पुलिस ने आरोपी के पास से 9 मोबाइल फोन, फिनो पेमेंट्स बैंक के 8 डेबिट कार्ड किट, 9 UPI खाते और Google Pay स्कैनर रोल बरामद किए हैं।

जांच में आरोपी के तीन क्रिप्टो वॉलेट भी मिले हैं। इनमें से एक वॉलेट में पिछले दो साल के दौरान 24 करोड़ रुपये की ट्रेडिंग की पुष्टि हुई है। बाकी दो वॉलेट की ट्रांजेक्शन हिस्ट्री खंगाली जा रही है।

प्रतिक्रियाएँ

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं

पहले आप अपनी बात रखें

Comments • Reactions • Feedback