Bihar Crime News, Bhojpur Murder Case: बिहार में मां ने प्रेमी से कराई बेटे की हत्या

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां ने अपने ही 14 साल के बेटे की हत्या की साजिश रच दी। बेटा मां के अवैध संबंधों का विरोध करता था। पुलिस के मुताबिक, मां के इशारे पर उसके प्रेमी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर बेटे की हत्या कर दी।
पुलिस ने मामले में मां मानती देवी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उसके प्रेमी संतोष कुमार सिंह और अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
अवैध संबंधों का करता था विरोध
मामला तरारी थाना क्षेत्र के दुर्गपुर गांव का है। पुलिस जांच में सामने आया कि मानती देवी का गांव के ही संतोष कुमार सिंह से प्रेम संबंध था। उसका 14 साल का बेटा मोहित राज इस बात का विरोध करता था। इसी विवाद के चलते मां ने प्रेमी के साथ मिलकर बेटे की हत्या की साजिश रची।
एटीएम से पैसे निकालने गया था मोहित
पुलिस के अनुसार, मोहित मंगलवार 27 अक्टूबर की शाम करथ गांव के एटीएम से पैसे निकालने गया था। उसने एटीएम से 6 हजार रुपये निकाले और घर लौट रहा था।
मंगलवार रात उसकी पीटकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह उसका शव करथ गांव के पास बिरहर करहा से बरामद हुआ। मोहित आठवीं कक्षा का छात्र था।
मां ने कबूल किया जुर्म
पीरो एसडीपीओ कन्हैया कुमार ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि तकनीकी, वैज्ञानिक और मानवीय जांच के आधार पर पुलिस को हत्या के पीछे मां की भूमिका का पता चला। पूछताछ में मानती देवी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। मानती देवी के प्रेमी संतोष कुमार सिंह और बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।








